उत्तर प्रदेश के आगरा में कमला नगर के विकास मार्केट में बृहस्पतिवार तड़के गैस चूल्हों के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग लग गई। सिलिंडर फटने से दो धमाके हुए। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। दमकल ने शोरूम का शटर तोड़कर पानी डाला। इस दौरान तारों से करंट भी फैल गया। कर्मचारियों को भी लगा। बाद में टोरंट ने बिजली सप्लाई बंद कराई गई। एक घंटे में आग बुझ सकी। अग्निकांड में लाखों का माल जल गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होने की आशंका है।
बता दे कि कमला नगर निवासी निमित्त गंभीर का श्रीराम सिनेमा रोड पर विकास मार्केट में दो मंजिला शोरूम है। भूतल पर शोरूम है। इसमें गैस के चूल्हे, कुकर, मिक्सी की बिक्री होती है। वहीं पहली मंजिल पर सर्विस सेंटर है। निमित्त गंभीर ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे शोरूम बंद करके गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों ने शोरूम में आग लगने की जानकारी दी। पुलिस और दमकल भी पहुंच गई। बड़ी संख्या में लोग भी आ गए।
एफएसओ संजय प्लेस सोमदत्त सोनकर ने बताया कि आग शार्ट सर्किट से लगने की आशंका है। 3 दमकलों ने एक घंटे में आग पर काबू कर लिया। मालिक ने 10 लाख का माल जलने का अनुमान बताया है। शोरूम में 5 लीटर के गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे, जिनमेंं धमाके हुए। समय रहते आग पर काबू कर लिया गया। आग अगर, फैल जाती तो मार्केट की अन्य दुकान भी चपेट में आ सकती थीं।