प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ और भूस्खलन की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए असम, सिक्किम और मणिपुर के नेताओं से बातचीत की। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से बात कर स्थिति की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
असम में 5.35 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि 22 जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 6 की मृत्यु बाढ़ और 5 की भूस्खलन से हुई है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी चिंता और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और राज्य प्रशासन की ओर से राहत कार्यों में पूरी तत्परता से लगे रहने का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।