बिहार के बेगूसराय जिले में लाखो थाना क्षेत्र के इनियार ढाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। होमगार्ड जवानों से भरी बस ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला के पति गंभीर रूप से घायल हैं। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार लगभग 25 जवान घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका की पहचान खगड़िया जिले के पसहारा निवासी रोशनी देवी के रूप में हुई है।